शिकारपुर। क्षेत्र में शनिवार को लगने वाली साप्ताहिक पैंठ बाजार का स्थान बदला जाएगा। इसके लिए नगर पालिका बोर्ड बैठक में बहुमत से प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान कुल नौ प्रस्तावों पर सभासदों ने चर्चा करते हुए बहुमत से पास कर दिया।
शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला देवी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान सभासदों ने क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ नगर पालिका की आय बढ़ाने के लिए कुल नौ प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र में राधा कृष्ण स्कूल के पास पार्क बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय, भगत जी होटल के पास पार्क बनाकर सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा लगाने के लिए विचार किया गया।
सभासदों ने इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए इसे स्वीकृति दे दी। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में लगाए जाने वाले होर्डिंग्स, बैनर-पोस्टर से प्रतिमाह 600 रुपये तक की वसूली, यूनिपोल लगाने पर पहली बार में एक हजार रुपये स्वीकृति शुल्क तथा दो हजार रुपये शुल्क और इसके बाद एक हजार रुपये प्रति वर्ष का स्कूल वसूलने के लिए चर्चा की। साथ ही विज्ञापन के लिए टेंडर जारी करने की भी स्वीकृति दी।
इसके अलावा बारिश से पहले नालों की सफाई कराने, पुराने वाहनों की नीलामी कराए जाने, पशु पैंठ एवं शनिवार बाजार का स्थान परिवर्तित करते हुए पैंठ बाजार के स्थान को सेन समाज के रास्ते से चामुंडा मंदिर तक के स्थान पर लगाने की सहमति दी। बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह, बीवी देवी, आस मोहम्मद, मधु, विनय कुमार, संतोष, पुष्पा, योगेंद्र माहोर, गौतम, मुजीबुर रहमान, कपिल आर्य, उदयवीर, राजेंद्र लोधी, किरन उपस्थित रहे।