बरसात ने बर्बाद की करोड़ों की फसल
- फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग की इस सप्ताह बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी से किसानों में चिंता बढ़ गई है। यदि तेज हवा चली और बारिश होती है तो विभिन्न फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। मौसम विशेषज्ञ शनिवार-रविवार को मौसम में बदलाव की आशंका जता रहे हैं।
मौसम फिर से यू टर्न ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह शनिवार और रविवार को तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। यदि बारिश और तेज हवा चलती है तो किसानों को भारी नुकसान होगा। लगभग दो सप्ताह पूर्व भी बारिश और तेज हवा के चलते किसानों की गेहूं की फसल गिर गई थी।
बुगरासी क्षेत्र के किसान भूषण त्यागी, अभयपाल सिंह, कर्मवीर सिंह चौहान, चौधरी देवेंद्र कुमार आदि ने कहा कि यदि बारिश और तेज हवा चलती है तो गेहूं की फसल गिर जाएगी। वहीं आम के पेड़ों पर लगा बौर भी झड़ जाएगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. विवेकराज ने शनिवार, रविवार को बारिश की आशंका जताई है।