संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले के अलग-अलग शिक्षा क्षेत्रों में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम में 1202 बच्चों को निजी विद्यालयों की सीटें आवंटित की गईं हैं। अब तीसरे चरण के लिए आवेदन 15 अप्रैल से आठ मई तक स्वीकार किए जाएंगे।
शिक्षा के अधिकार के तहत दूसरी लॉटरी के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान 2343 अलाभित व दुर्बल समूह के बच्चों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया। वहीं, एक से सात मार्च के बीच शिक्षाधिकारियों के माध्यम से आवेदन का सत्यापन कराया गया। इसमें 1922 आवेदन स्वीकार किए गए जबकि, 421 आवेदन को निरस्त कर दिया गया। स्वीकृत हुए आवेदनों की ऑनलाइन लॉटरी कराई गई, जिसमें 1202 बच्चों को निजी विद्यालयों की सीटें आवंटित हो सकी हैं। 720 विद्यार्थी ऑनलाइन लॉटरी में बाहर हो गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि अब इन सभी चयनित छात्र-छात्राओं को आवंटित निजी स्कूलों में 18 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी।
तीसरे चरण के लिए 15 अप्रैल से आठ मई तक आवेदन भरे जाएंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद नौ मई से 15 मई तक सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 मई को लॉटरी निकाली जाएगी। चौथे चरण के लिए एक जून से बीस जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन सभी आवेदनों को 21 से 27 जून तक सत्यापित व लॉक किया जाएगा और 28 जून को लॉटरी निकाली जाएगी। आरटीई की पहली लॉटरी में 2975 छात्र-छात्राओं को स्कूल आवंटित हुए थे। इनका निजी स्कूलों में प्रवेश कराया जा रहा है। साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि स्कूलों में अब तक चयनित किए गए छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल चुका है या नहीं।