132 गांवों में पहुंचेंगी रोडवेज बसें
- फोटो : अमर उजाला
शासन और उप्र परिवहन निगम के आदेश पर एआरएम ने जिले की 951 ग्राम पंचायतों से जुड़े 1190 गांवों में बसें चलाने के लिए रूट प्लान तैयार कर लिया है। इस रूट प्लान में जिले के नौ मार्गों पर पड़ने वाले 132 ऐसे गांव शामिल हैं, जहां पर यात्रियों को डग्गामार वाहन या फिर पैदल चलकर ही लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। अब इन गांवों में जल्द ही बसों का संचालन शुरू होगा।
जिले में 951 ग्राम पंचायत हैं। इनमें 1190 गांव शामिल हैं। एआरएम ने रूट प्लान करते समय 132 गांव ऐसे चिह्नित किए, जहां पर यातायात के साधन नहीं हैं। इन गांवों के लोगों को डग्गामार वाहनों से या फिर पैदल ही लंबा सफर तय करना पड़ता है। इन गांवों में बस चलाने को नौ रूट निर्धारित किए गए हैं।
जबकि शेष गांव ऐसे हैं, जो नेशनल हाइवे और स्टेट हाइवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों से तीन किलोमीटर के दायरे में आते हैं। जिले का रूट प्लान तैयार कर एआरएम ने उप्र परिवहन निगम को भेज दिया है। इससे पहले बनाए गए रूट की फाइल एआरटीओ के माध्यम से शासन और उप्र परिवहन निगम को भेजी जा चुकी है।
एआरएम एसपी सिंह का कहना है कि उन्होंने पूरे जिले का रूट प्लान तैयार कर निगम को भेज दिया है। उन्होंने संभावना जताई है कि जल्द ही गांवों में बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।