बुलंदशहर/खुर्जा/सिकंदराबाद। प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर 15 दिन पूर्व भेजी गईं बसें दो मार्च तक लौट आएंगी। बसों के आने के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी। अभी जिले की तीनों डिपो की 51 बसों का प्रयागराज के झूंसी से विभिन्न जनपदों के लिए संचालन हो रहा है।
वसंत पंचमी के बाद श्रद्धालुओं की महाकुंभ मेले में भीड़ बढ़ने पर दोबारा मुख्यालय से रोडवेज बसों की डिमांड भेजी गई। जिले के तीनों डिपो बुलंदशहर, खुर्जा एवं सिकंदराबाद से 54 रोडवेज बस मांगी गई। इनमें 51 बसों को प्रयागराज भेजा गया। ये बसें प्रयागराज के झूंसी से अलग-अलग जनपदों से आए श्रद्धालुओं को गंतव्य छोड़ने का कार्य कर रही हैं।
इन बसों के जाने पर शेष बसों की समयावधि बढ़ा दी गई। जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। अब अंतिम चरण का अमृत स्नान बुधवार को संपन्न हो जाने के बाद एक-दो मार्च तक सभी रोडवेज बस वापस बुलंदशहर आ जाएगी। इसके बाद पूर्व निर्धारित रूट पर इनका संचालन होने लगेगा।
एआरएम बुलंदशहर व सिकंदराबाद डिपो दिनेश सिंह ने बताया कि महाकुंभ मेले में जिले की तीनों डिपो से 51 बसें दोबारा मांग आने पर भेजी गई थीं। सभी रोडवेज बसें दो मार्च तक वापस आ जाएंगी। संवाद