कोतवाली क्षेत्र के गांव कैलावन के पास बाइक सवार को बचाने के दौरान रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इसमें तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसा होने के बाद एकत्र हुई भीड़ में से किसी शरारती तत्व ने एक सवारी के तीन लाख रुपये से भरा बैग गायब कर दिया। पुलिस खाई में गिरी बस को बाहर निकलवाने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, बरेली डिपो की बस बुधवार शाम बदायूं से सवारी लेकर दिल्ली के लिए जा रही थी। बस में करीब 60 सवारियां सवार थीं।
बस शिकारपुर से निकलने के बाद शाम करीब सात बजे गांव कैलावन के पास पहुंची। वहां सामने से एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। बस ने खाई में दो पलटी खाए। बस पलटते ही बस में चीख-पुकार मच गई।
इसमें तीन दर्जन से अधिक महिला, बच्चों समते कई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी शिकारपुर पहुंचाया। जबकि कुछ घायलों को जिला अस्पताल के लिए भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी की जान नहीं गई है।
घायलों का जिला अस्पताल और सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घायलों में इनामुर्रहमान निवासी सहसवान, शीशपाल निवासी जिनैदी जरीफजपुर, सौरभ निवासी इटावा, होरीलाल निवासी संगम विहार दिल्ली, भगवती पत्नी होरीलाल, यशपाल पुत्र होरीलाल को शिकारपुर सीएचसी में भर्ती कराया है। जबकि अन्य जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
घायल होरीलाल ने बताया कि वह मूलरूप से गिन्नौर का रहने वाला है। बुधवार दोपहर गिन्नौर से जमीन बेचकर बैग में दो लाख 93 हजार 345 रुपये लेकर परिवार सहित दिल्ली जा रहा था। हादसे के बाद किसी ने रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
खबर लिखे जाने तक पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय का कहना हैै कैलावन गांव के पास रोडवेज बस पलट गई। घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की जांच की जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में पिता की मौत, पुत्र घायल
कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे भुन्ना जाटान निवासी देवेंद्र (50) अपने पुत्र नगेंद्र के साथ किसी काम से बाइक पर पलवल जा रहे थे। जहांगीरपुर कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पर सवार पिता-पुत्र उछलकर दूर जा गिरे, वहीं बाइक भी छतिग्रस्त हो गई।
हादसे में पिता देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा नगेंद्र घायल हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल नगेंद्र को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृत देवेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ह