छतारी। अनूपशहर की ओर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान बस का अगला हिस्सा पहले से खड़े ट्रैक्टर से टकरा गया। हादसे में चालक समेत 13 लोग घायल हो गए। इसमें चालक और एक यात्री की हालत गंभीर है जिनको अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनूपशहर के लक्षमपुर गांव निवासी भूरा ने बताया कि वह, उनकी पत्नी देवकी, दस वर्षीय बेटी शगुन, 12 वर्षीय बेटा शिवम व आठ वर्षीय बेटा तरुण ट्रेन से अलीगढ़ स्टेशन पर आए थे। इसके बाद वह अलीगढ़ बस अड्डे से सुबह करीब छह बजे अनूपशहर जाने वाली रोडवेज बस में बैठ गए। अलीगढ़ डिपो की बस मथुरा से यात्रियों को लेकर अनूपशहर जा रही थी।
बस में केवल 18 से 20 यात्री ही थे। बस में बैठते ही उनकी पत्नी और बच्चे सो गए थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे जब बस छतारी क्षेत्र के सिद्धपुर गांव के पास पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित होते हुए विपरीत दिशा में सड़क किनारे पलट गई। बस के ब्रेक नहीं लगे थे तो वह घिसटते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसा होते ही बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
बस में बैठे यात्री किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। तभी यात्रियों की मदद के लिए राहगीर व आस-पास के लोग भी आ गए। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी पहुंच गई। एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी सुरजीत ने बताया कि घटना के बाद घायलों को बस से निकालकर दानपुर पीएचसी पहुंचाया गया। इसमें चालक राजू और वृद्ध यात्री 80 वर्षीय श्याम लाल की हालत गंभीर थी, जिनको हायर सेंटर रेफर किया गया। उनको तुरंत अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छतारी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के दौरान बस में 15-16 लोग थे, कुछ यात्री छतारी से पहले ही उतर गए थे। एंबुलेंस टीम के साथ मिलकर सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। घटनास्थल को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मार्ग पर एक भूसे की बोरी पड़ी थी। भूसे की बोरी पर रोडवेज बस का अगला पहिया चढ़ गया, जिस कारण बस आगे से अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में पलट गई।
यह यात्री हुए घायल
छतारी थाना प्रभारी ने घायलों में चालक अलीगढ़ के इगलास निवासी राजू, परिचालक अलीगढ़ के जवां निवासी सत्यप्रकाश, बुलंदशहर के डिबाई निवासी श्याम लाल, उनके पोते सुमित, अनूपशहर निवासी वर्षा, दिल्ली के हौज खास निवासी संजय, जहांगीराबाद निवासी मंजू, उनका बेटा उत्तम, अनूपशहर के लक्षमपुर निवासी भूरा, उनकी पत्नी व तीन बच्चे हैं। सभी को पहले दानपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां से राजू, श्याम लाल, सुमित और मंजू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य मरीजों को उपचार के बाद उनके घर भेज दिया गया। वहीं जिला अस्पताल से चालक राजू व श्याम लाल को अलीगढ़ स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया।
चालक राजू की हालत गंभीर
चालक राजू के भाई जगवीर ने बताया कि राजू को पहले जिला अस्पताल से अलीगढ़ के मलखान अस्पताल लेकर गए, जहां उनको आईसीयू में भर्ती किया गया। उपचार में कोई लाभ नहीं मिल रहा था। इसके बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर किया गया, जहां उपचार चल रहा है। अभी हालत गंभीर बनी हुई है।
छतारी थाना क्षेत्र में एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिसमें दो लोगों की हालत गंभीर थी। अन्य सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। - शोभित कुमार, सीओ, डिबाई