बुलंदशहर। 37 करोड़ की लागत से बनाई गई दो सड़के एक साल में ही क्षतिग्रस्त हो गईं। लोगों ने सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। सड़कों में गहरे गड्ढे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले में सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टीएसी (टेक्निकल ऑडिट कमेटी) जांच कराने की मांग की है।
बुलंदशहर से अनूपशहर स्टेट हाईवे को गांव जटवाई तक 35 करोड़ की लागत से लोक निर्माण विभाग ने चौड़ा कराया था। करीब 35 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी एक साल में ही सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। स्थिति यह है कि न तो अधिकारियों ने इस सड़क की गुणवत्ता की ओर ध्यान दिया और न ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की। जिसके चलते सड़क और जर्जर होने लगी है। दूसरी ओर शिकारपुर तिराहे से स्याना अड्डा की ओर करीब ढ़ाई करोड़ की लागत से बनाई गई सड़क भी गड्ढों में तब्दील हो गई है। ढ़ाई करोड़ खर्च के बाद भी एक साल में ही सड़क टूटने के कारण लोगों में आक्रोश है। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही से सड़क का निर्माण ठीक से नहीं हुआ है। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।