अनूपशहर। नगर की सड़क व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक आम जनता की पहुंच को बेहतर करने के लिए नगरपालिका परिषद ने एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। डिग्री कॉलेज से फव्वारा चौक तक 1.64 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 400 मीटर लंबी आधुनिक टू-साइड सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
परियोजना का शिलान्यास पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल और स्थानीय विधायक संजय शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि यह अनूपशहर निवासियों के लिए खुशखबरी है। सड़क दो महीने के अंदर तैयार की जाएगी। सड़क की दोनों तरफ की लेन 6-6 मीटर से अधिक चौड़ी रखी जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सके।
इस मार्ग पर शहर के प्रमुख और बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थापित हैं। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक आवागमन करते हैं। सड़क व्यवस्थित होने से विद्यार्थियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। इसके अलावा, इस मार्ग पर प्रसिद्ध आंबेडकर पार्क भी स्थित है। साथ ही तहसील, कोतवाली और नगर पालिका कार्यालय जाने के लिए भी नागरिक सबसे अधिक इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। इस मौके पर रामपाल सिंह सूर्यवंशी, विनीत बंसल, सीपी सिंह, जेई अलका कुमारी और वार्ड सभासद शीला शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संवाद