अनूपशहर। क्षेत्र में एक मार्ग व पुलिया की मरम्मत होगी। इस कार्य पर 62.40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने मंजूरी देते हुए राशि जारी कर दी है। अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संजय शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों क्षेत्र के गांव अमरपुर संपर्क की मरम्मत और बेगमपुर उर्फ जयरामपुर रजवाहे की पुलिया का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव बनाया गया था। इसे विभाग के माध्यम से शासन को भेजा गया था। अमर संपर्क मार्ग काफी खस्ता होने से यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना हो रहा था। जबकि जयरामपुर रहवाहे की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से भी यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। भेजे गए इस प्रस्ताव को अब शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन की ओर से अमरपुर संपर्क मार्ग के लिए 30.88 लाख और बेगमपुर उर्फ जयरामपुर रजवाहे की पुलिया के निर्माण के लिए 31.52 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। राशि मिलने के बाद अब इन कार्यों को जल्द करवा दिया जाएगा। संवाद