कोतवाली देहात की नई मंडी चौकी क्षेत्र में मंगलवार रात अनूपशहर चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े मिनी ट्रक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मिनी ट्रक में सवार तीन दर्जन लोग घायल हो गए।
ये लोग परिचित का अंतिम संस्कार कर अनूपशहर से लौट रहे थे। गंभीर घायल 13 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र की हीरा कॉलोनी के रहने वाले करीब 40 लोग मिनी ट्रक (टाटा 407)में बैठकर किसी परिचित केे अंतिम संस्कार में शामिल होने अनूपशहर गए थे।
मंगलवार रात करीब 11 बजे लौटते समय स्याना अड्डे के निकट सड़क किनारे ट्रक रोका गया था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप घायल हुए इंद्र सैनी(60) पुत्र थान सिंह निवासी दनकौर तिराहा सिकंदराबाद, धन सिंह(65) पुत्र नौरतन, रघुवीर(55) निवासी गुलावठी, जयप्रकाश(25) पुत्र गौरी शंकर, सुनील कुमार(50) पुत्र गुल्लू, सीताराम(35) पुत्र रघुवीर, संजय(25) पुत्र विष्णु, कल्लू सैनी(32) पुत्र मूलचंद, राजेश(35) पुत्र रतन लाल और कलुआ(62) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कलुआ की हालत बिगड़ी देख डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। देहात कोतवाल रामसेन सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।