बाइक से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : SIKANDRABAD
हाईवे-91 पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में हाईवे-91 पर बिलसूरी फ्लाईओवर के पास विपरित दिशा से आ रहे कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
क्षेत्र के गांव गफ्फारगढ़ी निवासी राजेश पुत्र चतर सिंह अपने साथी गांव निवासी मनीष पुत्र जगदीश के साथ बाइक से सिकंदराबाद जा रहा था। इसी दौरान जब वह बिलसूरी फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में राजेश, मनीष दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दुर्घटना के बाद कार सवार कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि घायलों में राजेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं हाईवे पर वाहनों के खड़े रहने और घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा होने के कारण जाम लग गया। हाईवे पर करीब 20 मिनट से अधिक समय तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों, और लोगों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।