एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे कैंटर ने बाइक सवार को रौंदा
अनूपशहर। थाना क्षेत्र में अलीगढ़ रोड पर बृहस्पतिवार देर रात एलपीजी से लदे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी 30 वर्षीय टिंकू खेतीबाड़ी व मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करता था। बृहस्पतिवार को अपनी बाइक से एक रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए गया था। जहां से वह देर रात वापस अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि बाइक सवार टिंकू को अनूपशहर क्षेत्र में अलीगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर ही लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में टिंकू को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन व कागजों के आधार पर शिनाख्त की, साथ ही परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का हादसे के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक में एलपीजी सिलेंडर लदे हैं। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।