अनियंत्रित ट्रक ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, तीन की मौत
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में चोला रोड पर गांव नैथला के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र में चोला रोड पर ककोड़ की ओर से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक आ रहा था। जिसने गांव नैथला और सिखेड़ा के बीच में पहले बुलंदशहर की ओर से ककोड़ की तरफ जा रही महिंद्रा पिकअप को रौंदा, इसके बाद उसके पीछे चल रही टाटा मैजिक को टक्कर मारी और उसके बाद पीछे चल रही कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक कार को लेकर खाई में जा पलटा। हादसे में टाटा मैजिक सवार 20 वर्षीय विपिन पुत्र वीरा सिंह निवासी गांव मालागढ़ थाना अगौता और सेंट्रो कार सवार 35 वर्षीय जाहिद पुत्र याकूब और सलमान पुत्र इकबाल निवासी रबूपुरा, जनपद गौतमबुद्ध नगर की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही मैजिक सवार गौरव पुत्र ओमप्रकाश निवासी कांशीराम आवासीय योजना स्याना रोड बुलंदशहर, कार सवार 55 वर्षीय अब्दुल सलाम, 52 वर्षीय सलीमुद्दीन, 40 वर्षीय फईमुद्दीन पुत्रगण इमामुद्दीन निवासी रबूपुरा गौतमबुद्ध नगर और देवेंद्र पाठक पुत्र रामनारायण पाठक निवासी नंदग्राम थाना नंदग्राम, गाजियाबाद गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार मृतक जाहिद और सलमान कार से बुलंदशहर एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। जहां से वह दोनों अब्दुल सलाम, सलीमुद्दीन और फईमुद्दीन के साथ ही कार में सवार होकर वापस रबूपुरा लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही लोग जिला अस्पताल पहुंचे।
डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंच संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने स्थिति को संभाला और तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। साथ ही अफसरों ने जिला अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए हैं।
क्रेन बुलाकर निकलवाए शव
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि हादसे के दौरान अनियंत्रित ट्रक सेंट्रो कार को लेकर खाई में जा पलटा था। जबकि, मैजिक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। ट्रक के नीचे फंसी सेंट्रो कार में आगे सवार जावेद और सलमान के शव निकालने के लिए पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटवाया। इसके बाद ही शव बाहर निकाले जा सके थे। जबकि, मैजिक सवार का शव भी केबिन में बुरी तरह से फंस गया था।
हादसे के बाद लगा जाम, रूट किया डायवर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया था। दुर्घटना स्थल पर जाम की भयावह स्थिति बन गई थी। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। जिसके बाद पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। बुलंदशहर से चोला की ओर जाने वाले वाहनों को सिकंदराबाद की ओर से निकाला गया। जबकि, चोला की ओर से बुलंदशहर आने वाले वाहनों को सिकंदराबाद और खुर्जा की ओर डायवर्ट कर निकाला गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक फरार हैं। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। जिनके शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं। जबकि, गंभीर रुप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्र कुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली