नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी प्रथम में डोर-टू-डोर प्रचार कर रहे प्रत्याशी और उसके समर्थकों से कुछ युवक भिड़ गए। आरोपियों ने प्रचार में खलल डालने का प्रयास करते हुए नारे लगाए और मारपीट की। प्रचार में लगी गाड़ियों के शीश भी तोड़ दिए। रालोद प्रत्याशी ने नगर कोतवाल समेत जिला निर्वाचन अधिकारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के सदर सीट से प्रत्याशी श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित ने जिला निर्वाचन अधिकारी, एसएसपी, राज्य निर्वाचन आयोग, रिटर्निंग ऑफिसर 65-बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र व नगर कोतवाल को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 जनवरी की शाम करीब छह बजे आवास विकास कॉलोनी-प्रथम में डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार कर रहा था।
इसी बीच किसी विपक्षी पार्टी के करीब 15-20 असामाजिक व्यक्तियों ने राहुल पुत्र विजय कुमार व अन्य के साथ हाथापाई भी की। जिसमें राहुल को काफी चोटें आई हैं। साथ ही गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। श्रीभगवान शर्मा ने ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। नगर कोतवाल पोसीराम शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।