बुलंदशहर। 25 हजार रुपये के इनामी हथियार तस्कर रिजवान और उसका साथी बिलाल पुलिस को लगातार छका रहे हैं। मई माह में दोनों का नाम हथियार सप्लाई में सामने आने के बाद एसएसपी ने उन पर इनाम की घोषणा की थी। अभी तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
गत 21 मई को नगर पुलिस द्वारा 12 आरोपियों को अवैध हथियार एवं कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों के पास से 7 पिस्टल, 5 तमंचे, 15 कारतूस, 11,500 रुपये और 10 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुर्जा नगर निवासी बिलाल और रिजवान से कम दामों में अवैध पिस्टल-तमंचे खरीदकर अवैध रूप से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के बुलंदशहर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ आदि स्थानों पर सप्लाई करना स्वीकार किया था।
गिरोह के सरगना बिलाल और रिजवान पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा खुर्जा देहात में भी आरोपी रिजवान पर उसी दौरान हथियार तस्करी का एक मामला सामने आया था। इस मामले में भी वह फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है। स्वाट टीम भी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह द्वारा दूसरे राज्यों से अवैध हथियारों को कम दामों में खरीदकर एनसीआर एवं दिल्ली आदि स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचा जाता था। करीब दो माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी दोनों फरार आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। एसपी देहात रोहित मिश्र का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।