खुर्जा में शनिवार को तेज धूप से बचने के लिए छाता लगाकर जातीं छात्राएं। संवाद
बुलंदशहर। दो दिन पहले आए आंधी-बारिश के बाद शनिवार को मौसम ने फिर करवट बदल ली। सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ नजर आया और तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा। मौसम वैज्ञानिक अभी भी लगातार आंधी-बारिश का अनुमान जता रहे हैं।
शनिवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी महसूस की गई। दोपहर तक धूप और अधिक तीखी हो गई। इससे लोग गर्मी से परेशान दिखे। खासतौर पर बाहर निकलने वाले लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज धूप में बाहर निकलते समय सिर ढकने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है ताकि लू और गर्मी के प्रभाव से बचा जा सके।
ऐसे मौसम के बीच अधिकतम तापमान बढ़कर 37 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आद्रता 36 फीसदी और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच चली। जबकि शुक्रवार अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दूसरी ओर कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डाॅ. रेशु सिंह का कहना है कि इस समय मौसम में बदलाव के साथ तापमान में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग लगातार आंधी व बारिश का अनुमान जता रहा है। आंधी-बारिश के बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट होने की भी संभावना जताई जा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं।