पहासू। कसूमी गांव निवासी फाइनेंसर पर बाइक की किस्त देरी से देने पर दो भाइयों पर फायरिंग करने का आरोप है। वारदात में दोनों भाई घायल हो गए, जिसमें एक जिला अस्पताल और दूसरा मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। घायलों के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
कसूमी गांव निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनके भतीजे गुरुवेश ने अपने दोस्त से एक बाइक खरीदी थी। बाइक फाइनेंस पर थी, जिसकी किस्त पूरी नहीं हुई थी। ऐसे में किस्त के लिए गांव में रहने वाला फाइनेंसर डब्बू उर्फ उभय प्रताप सिंह कई दिनों से गुरुवेश के पास चक्कर लगा रहा था। आरोपी गाली-गलौज व धमकी देता था।
आरोप है कि मंगवार शाम करीब साढ़े छह बजे बब्बू, उसका भाई डब्बू, जयवीर और उसका बेटा दिव्यांश चारों उनके घर आए। बाहर खड़े होकर गाली देने लगे और बाहर निकलने को बोलने लगे। नरेश कुमार ने बताया कि बब्बू के पास अवैध राइफल व जयवीर के पास लाइसेंसी राइफल थी। जब पीड़ित के भतीजे अमन और पुष्पेंद्र वहां आए तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसमें एक गोली अमन और एक गोली पुष्पेंद्र को लगी। दोनों घायल होकर वहीं गिर गए। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए। आरोप है कि दिव्यांश ने धमकी दी कि मंडल अध्यक्ष उसका भाई है, इसलिए कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। परिजन घायलों को लेकर पहासू सीएचसी पहुंचे। वहां से अमन को मेरठ मेडिकल और पुष्पेंद्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Iमामले में तहरीर के आधार पर बब्बू उर्फ चंद्रप्रताप, डब्बू उर्फ उभय प्रताप, जयवीर व दिव्यांश के खिलाफ हत्या के प्रयास व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - मधूप कुमार सिंह, सीओ शिकारपुरI