जहांगीराबाद। ट्यूबवेल पर सो रहे किसान की हत्या के मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव खालौर निवासी रविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनका भाई कपिल 29 जून की शाम घर से खाना खाने के बाद ट्यूबवेल पर सोने के लिए गया था। प्रतिदिन की तरह कपिल ट्यूबवेल पर ही सो गया था। 30 जून की सुबह जब भाई घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। बाद में कपिल का शव गांव के ही धर्मेंद्र के खेत में पड़ा मिला। कपिल के सिर के साथ चेहरे पर चोट के निशान थे। जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। आरोप लगाया कि गांव निवासी देवेंद्र ने रंजिश के तहत अपनी पत्नी आरती, आरती के भाई हर्ष निवासी सैदपुर और उसके साथी गांव मुरादाबाद निवासी अनूप के साथ मिलकर हत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ रामकरण सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।