बुलंदशहर/जहांगीराबाद। बिजली कनेक्शन लेने का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। ऊर्जा निगम ने फिक्स चार्ज की नई व्यवस्था लागू कर दी है। इस सुविधा से नया कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को पूर्व की तुलना में सात गुना कम शुल्क देना होगा। इस सुविधा से ग्रामीण और दूर इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
अभी तक कनेक्शन लेने पर उपभोक्ता के घर की दूरी पोल से 60 मीटर होने पर एस्टीमेट बनता था। जिसमें 20 से 25 हजार रुपये तक का खर्चा आता था। पिछले माह नई योजना लागू कर दी गई। इसके बाद ऊर्जा निगम ने पोल की दूरी 60 मीटर से बढ़ाकर 300 मीटर कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को फिक्स चार्ज के आधार पर ही कनेक्शन मिलेगा।
जहांगीराबाद विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सौरभ मिश्रा ने बताया कि नई कास्ट बुक जारी कर खंड के सभी जेई और एसडीओ को नए निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। इसमें उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 60 मीटर की जगह अब 300 मीटर तक दूरी पर बिना अतिरिक्त शुल्क कनेक्शन देने की सुविधा दी जाएगी।
ऐसे होगा फिक्स चार्ज पर भुगतान
एक किलोवाट कनेक्शन
100 मीटर तक दूरी पर : 1500 रुपये
300 मीटर तक दूरी पर : 3500 रुपये
दो किलोवाट कनेक्शन
100 मीटर तक दूरी पर : 1500 रुपये
300 मीटर तक दूरी पर : 3500 रुपये
तीन से चार किलोवाट कनेक्शन
100 मीटर तक दूरी पर : 3500 रुपये
300 मीटर तक दूरी पर : 6500 रुपये
फिक्स चार्ज की नई व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन पर काफी राहत मिलेगी। - संजीव कुमार, मुख्य अभियंता ऊर्जा निगम