संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। अपने साथियों के साथ कबाड़ा बीनने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि युवक के साथी तो वापस लौट आए, लेकिन लापता युवक अभी तक नहीं लौटा है। आरोप है कि एक गांव निवासी युवक ने उसे पकड़ लिया है। शनिवार को परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए युवक की बरामदगी की मांग की।
नगर के नुमाइश मैदान स्थित बिहारी बस्ती निवासी रूना व अन्य लोगों ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पर युवक की बरामदगी के लिए प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि उनका 28 वर्षीय बेटा रफीकुल 16 मार्च को अपने साथी अनवर शेख और अब्दुल के साथ कबाड़ बीनने गया था। अब्दुल और अनवर शेख कबाड़ा बीनकर वापस आ गए, लेकिन रफीकुल वापस नहीं आया। जब दोनों युवकों से उसके बारे में पूछा तो पहले तो उन्होंने कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में बताया कि जब वह जालखेड़ा के पास नहर के किनारे से कूड़ा बीन रहे थे तो मौके पर एक युवक हाथ में चाकू लेकर पहुंचा और उसने रफीकुल को पकड़ लिया। वह दोनों मौके से भाग गए, लेकिन रफीकुल को उसने नहीं छोड़ा। जिसके चलते पीड़ित परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है। पीड़ित परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके बेटे के साथ अनहोनी कर सकता है। इसके चलते युवक को बरामद करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जानी आवश्यक है। मौके पर जयप्रकाश शर्मा, विजय गुप्ता, केशव शर्मा, राजकुमार, संजीव, प्रदीप, प्रताप शर्मा, जाहिद मौजूद रहे।