बुलंदशहर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के सफल आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी विद्यालयों को सक्रिय सहभागिता निभानी होगी। सभी प्रधानाचार्यों को अपने विद्यालय से अनिवार्य रूप से कम से कम पांच विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के तत्वावधान में होने वाले कार्यक्रम का मुख्य विषय इस वर्ष साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनबिलिटी रखा गया है। इसमें 10 से 17 आयु वर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर के आयोजनों की समय सीमा अगस्त तक निर्धारित है।
इसके बाद सितंबर से अक्टूबर के मध्य जिला स्तर और नवंबर से दिसंबर के बीच राज्य स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण आधिकारिक पोर्टल http://iscos-orgcsc2026 पर कर सकते हैं। अधिक जानकारी या किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।