खुर्जा जंक्शन। साहिबाबाद के पास हुए मालगाड़ी हादसे के कारण ठप पड़ा दिल्ली-हावड़ा रूट शनिवार को देर रात बहाल कर दिया गया। अप लाइन पर मरम्मत और सेफ्टी क्लीयरेंस पूरा हो गया है। रविवार सुबह से टूंडला से दिल्ली की तरफ जाने वाली सभी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया।
स्टेशन प्रबंधक घनश्याम मीणा ने बताया कि बीते मंगलवार रात करीब दो बजे साहिबाबाद के पास कोयले से लदी मालगाड़ी के छह डब्बे पटरी से उतर गए थे। इसके बाद टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा और हाथरस से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेनें लगातार रद्द चल रही थीं।
रोजाना नौकरी और काम के लिए दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को इस दौरान बस और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। ट्रेनें शुरू होने की खबर मिलते ही रविवार सुबह पांच बजे से ही खुर्जा जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
दैनिक यात्री राजेश कुमार ने बताया कि छह दिन से छुट्टी कर रहे थे। आज पहली ट्रेन से दिल्ली जा रहे हैं। अब ट्रेनों का संचालन शुरू होने से बहुत राहत मिली है। स्टेशन प्रबंधक घनश्याम मीणा ने बताया कि ट्रैक और ओएचई की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है।
सेफ्टी क्लियरेंस के बाद देर रात से अप लाइन पर मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अगले दो से तीन दिन तक कुछ ट्रेनें 30 से 40 मिनट तक लेट चल सकती हैं।