कस्बे के उपभोक्ताओं ने राशन डीलरों पर राशन वितरण में धांधली और पात्रों के नाम काटने का आरोप लगाकर नगर पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि हर बार नई लिस्ट दिखाकर उपभोक्ताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की है।
कस्बे में चार राशन डीलर हैं, इनके पास लगभग 1900 राशन कार्ड हैं। आए दिन राशन वितरण के दौरान लिस्ट में पात्रों के नाम कम होने को लेकर उपभोक्ताओं की राशन डीलर के साथ नोकझोंक होती रहती है।
रविवार को भी उपभोक्ताओं ने चारों राशन डीलरों पर राशन में धांधली और पात्रों के नाम काटने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पुरानी लिस्ट में जिन पात्र लोगों के नाम थे, उन्हें अब अपात्र बताया जा रहा है।
लिस्ट में नाम होने के बाद भी लोगों को राशन नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने कार्रवाई के लिए नगर पंचायत चेयरमैन को लिखित शिकायत दी। प्रदर्शन करने वालों में मोहन सिंह, रईस, बाबू, नवाब, कविता, आरती, अनिता, बिल्लो, वाहिद, राशिद, फारूख सहित अनेक उपभोक्ता रहे।