घर में घुसकर किशोरी के साथ दुष्कर्म
शिकारपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे आरोपी ने अकेली 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के भाई के आने पर आरोपी वहां से हत्या की धमकी देकर भाग निकला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह टैक्सी चलाकर अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बुधवार को भी वह टैक्सी लेकर कहीं बाहर गया हुआ था। उसकी पत्नी खेत पर गई हुई थी जबकि, पुत्र भी कहीं गया हुआ था। घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। इस दौरान गांव निवासी युवक दीवार फांदकर उसके घर में कूद गया। आरोपी ने पीड़िता को आतंकित कर छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान पीड़िता का भाई भी मौके पर पहुंचा तो आरोपी वहां से हत्या की धमकी देते हुए भाग निकला। इसके बाद बहन-भाई ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी और फिर थाने पर पहुंच कर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और गांव पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। साथ ही उसे बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है