जिले में 34 मिले नए कोरोना पॉजिटिव
बुलंदशहर। जिले में बृहस्पतिवार को 34 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसमें सात त्रिवेणी शुगर मिल के कर्मी भी शामिल हैं। वहीं, 22 लोग डिस्चार्ज किए गए। जिले में अब कुल केस 3646 हो गए हैं। जिसमें 3125 अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं और 60 लोगों की मौत हो चुकी हैं। वहीं, 461 लोगों का उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार नगर के लक्ष्मीनगर, राजेबाबू रोड, रामा एंकलेव में एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। सदर तहसील क्षेत्र के गांव जालखेड़ा और गांव अढ़ौली में भी एक-एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। अरनिया क्षेत्र स्थित त्रिवेणी शुगर मिल में सात और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही खुर्जा क्षेत्र में सात व्यक्ति, अनूपशहर क्षेत्र में पांच व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा शिकारपुर क्षेत्र में तीन, दानपुर क्षेत्र में दो, औरंगाबाद क्षेत्र में दो, सिकंदराबाद क्षेत्र में दो और ऊंचागांव में एक व्यक्ति में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि सात त्रिवेणी शुगर मिल के कर्मी समेत 34 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही 22 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।