ममिया ससुर व दो अन्य ने किया सामूहिक दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता ने अपने ममिया ससुर व उसके दो साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर उसे हत्या की धमकी दी गई। साथ ही ससुराल वालों ने भी आरोपियों का ही पक्ष लिया और पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर देहात कोतवाली पुलिस ने सात नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह वर्ष 2020 में जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही आरोपी ममिया ससुर उस पर बुरी नजर रखता था। करीब दो माह पूर्व पीड़िता घर पर अकेली मौजूद थी। उस दौरान आरोपी ममिया ससुर व उसके दो साथियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर व शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और हत्या की धमकी भी दी। पीड़िता ने अन्य परिजनों के घर लौटने पर इस संबंध में शिकायत की। जिस पर आरोपी ससुराल वालों ने पीड़िता पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट की। साथ ही पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उससे दहेज की भी मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न किया और घर से निकाल दिया। पीड़िता ने इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत की। लेकिन, सुनवाई नहीं हुई। वहीं अब एसएसपी के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी गौरव सागर, राजू, चतर सिंह, बंटी, ओमप्रकाश समेत सात नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला का मेडिकल कराया गया है, जल्द ही उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।