किशोरी से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात
बुगरासी। कस्बा क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने गांव के युवक पर घर में घुसकर मारपीट के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका गर्भपात करवा दिया। मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने आरोपी युवक, एक युवती और महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया है कि उसकी मां गांव में काम करती है। इसके कारण उसे कई बार घर में अकेला रहना पड़ता है। किशोरी का आरोप है कि गांव के एक युवक ने एक युवती को पैसे देकर उसके साथ बात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस युवती अक्सर उसके घर आती और युवक से बात करने को कहती। 13 जनवरी की शाम वह घर पर अकेली थी। इसी बीच युवती आरोपी युवक को लेकर घर आई और उसे घर पर ही छोड़कर चली गई। युवक ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका सिर दीवार में दे मारा। इसके बाद बेसुध हो गई। बाद में युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते समय युवक ने धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देगा। डर से वह चुप रही। 22 फरवरी को नोएडा एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मां अपने साथ पीड़िता को भी ले गई। 24 फरवरी को जब दोनों वापस लौट रहे थे तो बुलंदशहर आने पर नाबालिग ने घर चलने से मना कर दिया। मां के पूछने पर नाबालिग ने आपबीती बताई। आरोप है कि जब मामले की जानकारी आरोपी की ताई को दी गई तो उसने भी धमकी दी। घटना को लेकर बुगरासी पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने भगा दिया। बाद में नाबालिग के गर्भवती होने का पता चला। यह बता आरोपी पक्ष को लगी तो उन्होंने युवती का गर्भपात करा दिया। अब एसएसपी के आदेश पर आरोपी युवक सहित युवती तथा आरोपी की ताई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग की तहरीर पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -सचिन बालियान, एसओ नरसैना