तमंचे के बल पर किशोरी को घर से अगवा कर किया दुष्कर्म
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर से 13 वर्षीय किशोरी का गांव निवासी आरोपी युवक ने तमंचे के बल पर कार से अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे खेतों की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और फिर धमकी देकर उसके घर के बाहर छोड़कर भाग गया। मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है और किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी किशोरी मंगलवार को अपने घर पर अकेली ही मौजूद थी। उसके माता-पिता मजदूरी पर गए हुए थे। बताया गया कि इस दौरान गांव निवासी एक आरोपी युवक उसके घर में घुस आया। साथ ही आरोपी ने पीड़िता के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने तमंचे के बल पर उसे अपनी कार में बैठा लिया और खेतों की ओर ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। करीब तीन घंटे बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर वापस उसके घर पहुंचा और किशोरी को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने शिकायत करने पर हत्या की धमकी भी दी। पीड़िता ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर थाने पर पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। हालांकि, शाम तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी थी।
मामले में तहरीर मिल गई, मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी युवक की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अरुणा राय, थाना प्रभारी
छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या मामले में दर्ज हुए विवेचक के बयान
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में न्यायालय में विवेचक के बुधवार को पूर्ण बयान दर्ज हो गए। पूर्व में विवेचक के अधूरे ही बयान हो सके थे, इसके बाद लगी तारीखों पर विवेचक न्यायालय नहीं आए थे। इस कारण बयान अधूरे थे, अब जाकर बयान पूर्ण हुए हैं। न्यायालय ने आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त कार को मंगाकर देखा और टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज भी चलवाई। अब मामले में आगामी कुछ दिनों में फैसला आने की उम्मीद है।
2 जनवरी 2018 को नगर निवासी इंटरमीडिएट की 17 वर्षीय छात्रा का कार सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया था। छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को दादरी क्षेत्र में नहर में फेंक दिया गया। अगले दिन छात्रा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने करीब एक सप्ताह बाद घटना का खुलासा करते हुए सिकंदराबाद निवासी इजराइल, जुल्फिकार और दिलशाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के समक्ष स्लाइड रिपोर्ट समेत अधिकांश गवाहों के बयान हो चुके हैं, लेकिन केस के विवेचक एवं तत्कालीन निरीक्षक धनंजय मिश्र के बयान दर्ज नहीं हो सके थे। परिजनों के प्रयास के बाद पुलिस अधिकारियों ने विवेचक से संपर्क कर बयान दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया, जिसके चलते तीन साल बाद बुधवार को विवेचक धनंजय मिश्र के पूर्ण बयान दर्ज हुए। विवेचक ने न्यायालय में पूरी घटना की जानकारी दी। इसके अलावा न्यायाधीश ने माल मुकदमा से संबंधित कार को न्यायालय परिसर में पेश करने के निर्देश दिए। इसके बाद कार को कोतवाली परिसर से लाया गया। इसके अलावा टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज को भी चलवाकर देखा गया। पीड़ित परिजनों ने अब जल्द ही केस में फैसला आने की उम्मीद जताई है।