नगर में गूंजे श्रीराम के जयकारे, मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील
खानपुर। अयोध्या में चल रहे भव्य राम मंदिर निर्माण में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए रविवार को नगर में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने विशाल बाइक रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से आरएसएस व वीएचपी द्वारा पूर्व नियोजित धन संचय कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। नगर स्थित शिशु मंदिर पर लगभग पांच सौ से ज्यादा बाइकों पर सवार हिन्दू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नगर सहित ऊंचागांव विकास खंड के दर्जनों गांवों में बाइक रैली निकाली।
लंबी कानूनी लड़ाई जीतने के बाद अयोध्या में बन रहे मर्यादा पुरुषोत्तम राम के भव्य मंदिर को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। युद्धस्तर पर चल रहे मंदिर निर्माण कार्य में आमजन की सहभागिता को लेकर आरएसएस व विश्व हिंदू परिषद द्वारा रूपरेखा तैयार की गई थी। जिसके तहत मंदिर निर्माण के लिए धन संचय कार्यक्रम भी चलाया जाना था। इसी रूपरेखा को अमलीजामा पहनाने व आमजन में मंदिर निर्माण के प्रति जागरूकता लाने के लिए बाइक रैली निकाली गई। धन संचय कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवक आगामी 14 जनवरी से 21 जनवरी तक घर-घर जाकर मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि जुटाएंगे। इसी क्रम में आम जनता को जागरूक करने के लिए रविवार को बाइकों पर सवार सैकड़ों स्वयंसेवकों ने नगर के शिशु मंदिर से बाइक रैली निकाली। रैली में आरएसएस के विभाग कार्यवाह राजवीर सिंह व सांसद डॉ भोला सिंह ने स्वयं बाइक चलाकर भाग लिया। रैली पूरे नगर में भ्रमण करते हुए ऊंचागांव विकास खंड के तिमरपुर, ढलना, औगना, चठेहरा, पाली आनंद गढ़ी, नित्यानंदपुर नगली, ऊंचागांव, अमरगढ़, नरेंद्रपुर, दौलतपुर कला, बरवारा, गेसूपुर, चंदियाना, अमरपुर जरिया थौना लड़ाना में भ्रमण किया। बाइक रैली में आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख योगेश कुमार खंड कार्यवाह अजीत, प्रमोद कुमार, योगेंद्र सिंह, शिव कुमार पाठक, शैलेश प्रताप सिंह, राहुल पाठक, गौरव सैनी, जयभगवान सैनी, भाजपा क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य नेमपाल सिंह जिला कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, चमन गुप्ता लोकेश कुमार मोहित कुमार, संदीप कुमार, चमन सिंह, धर्म सिंह सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया।