राखी पहुंचाने को डाक विभाग ने बनाया अलग काउंटर
बुलंदशहर। रक्षाबंधन त्योहार पर भाइयों के घर न पहुंच पाने के कारण बहनें डाक द्वारा राखी भेजती हैं। इस बार कोरोना संक्रमण के चलते भी बहनें भाइयों के घर पहुंचने में असमर्थ रहेंगी। इसे देखते हुए डाक विभाग ने भाइयों के घर राखी पहुंचाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार विभाग विशेष लिफाफे में राखियों को पहुंचाएगा।
कोरोना संक्रमण के चलते वाहनों में सफर करने के दौरान शासन द्वारा गाइड लाइन जारी की गई है। वहीं, अगस्त माह में भाई-बहन के त्योहार रक्षाबंधन को लेकर भी बहनों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। दूरदराज भाइयों को राखियां समय से पहुंचाने के लिए डाक विभाग भी तैयारियों में जुट गया हैं, ताकि रक्षाबंधन पर भाइयों को समय से राखी मिल सके। डाक अधीक्षक केएस यादव ने बताया कि भाइयों के घर समय से राखी पहुंचाने के लिए मुख्यालय के आदेश से सभी डाकियों को अवगत करवा दिया गया है। राखी पहुंचाने में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बार विशेष लिफाफे के माध्यम से राखियों को डाक द्वारा भाइयों के घर भेजा जाएगा।