बुलंदशहर। कृषि विश्वविद्यालय में बुधवार को किसान समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें किसानों ने डीएम कुमार हर्ष व एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के समक्ष 15 सूत्रीय मांग रखी। इनमें से भूमि मुआवजा, कर्ज माफी, बिजली कटौती और पेट्रोल में मिलावट का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
किसान समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारियों के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने किसानों की समस्याओं को बिंदुवार डीएम के समक्ष रखा।
उन्होंने मांग उठाते हुए कहा कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में ली जा रही किसानों की भूमि से जुड़े रास्तों को लिंक मार्ग घोषित किया जाए ताकि उचित मुआवजा मिल सके। मेरठ-बदायूं मार्ग व बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग सहित अन्य स्थानों पर अंडरपास और सर्विस रोड दिए जाएं।
किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ किया जाए।अघोषित बिजली कटौती पर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई हो। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए और नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। निराश्रित पशुओं को गोशाला भेजा जाए और राहवीर योजना जनपद में लागू की जाए।
डीएम कुमार हर्ष ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव समेत अन्य अधिकारी और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।