शिकारपुर में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के सामने बने नाले और सड़क पर दौड़ता पानी एक बराबर लग रहा ह
स्याना/शिकारपुर। जिले में लगातार दूसरे दिन रविवार को हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश ने नगरों की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। स्याना और शिकारपुर में जगह-जगह जलभराव होने से राहगीरों, वाहन चालकों, दुकानदारों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्याना में सुबह से हुई बारिश के चलते निचले इलाकों, प्रमुख मार्गों और बाजारों में पानी भर गया। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता नजर आया। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई।
दुकानों के सामने पानी जमा होने से व्यापार भी प्रभावित रहा। नगरवासियों का कहना है कि नालियों में गंदगी और सिल्ट जमा होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता। उन्होंने स्थायी जल निकासी व्यवस्था और बारिश से पहले नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
ईओ सेवाराम राजभर ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर सफाईकर्मियों को भेजकर पानी की निकासी कराई गई।
वहीं, शिकारपुर में बारिश के बाद कई मकानों और दुकानों में पानी घुस गया। बालाजी मार्केट में प्रमोद गुप्ता, अमित गुप्ता, शकील सैफी और ललित गर्ग समेत कई व्यापारियों की दुकानों में पानी भर गया। कोतवाली मोड़ पर अधिवक्ता केशव देव शर्मा के मकान में भी जलभराव हुआ।
लोगों ने पुलिया में कूड़ा जमा होने और नालियों की समय पर सफाई नहीं होने को समस्या का कारण बताया। ईओ नीतू सिंह ने कहा कि नालों और नालियों की सफाई कराई गई है, समस्या वाले स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक सफाई कराई जाएगी।