खुर्जा जंक्शन मार्ग पर मौजपुर गांव के निकट शमशान के रास्ते को लेकर वन क्षेत्र अधिकारी आदित्य सि
खुर्जा। जेवर मार्ग पर श्मशान की ओर जाने वाले रास्ते से आवागमन किए जाने की आशंका को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया।
क्षेत्र के गांव ईजू मौजपुर के ग्रामीण जेवर मार्ग पर जंक्शन चौकी के सामने एकत्र हो गए। गांव निवासी अमित ने बताया कि चौकी के सामने से श्मशान के लिए रास्ता जाता है। इसके निकट प्लाटिंग का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लाटिंग करने वाले लोग श्मशान के रास्ते से आवागमन करना चाहते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि डंपर चलने से श्मशान की ओर जाने वाला रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्लाटिंग के लिए श्मशान घाट के रास्ते का उपयोग नहीं किए जाने की मांग की।
सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी आदित्य सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें आश्वासन दिया कि संबंधित भूमि पर पौधरोपण कराया जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके पर जांच की गई, जहां कोई नया अतिक्रमण नहीं मिला।
ग्रामीणों से वार्ता की गई है और श्मशान के लिए रास्ता निकाले जाने के संबंध में आवेदन देने को भी कहा गया है। इस दौरान निरंजन शर्मा, कोच अमित शर्मा, रामबाबू, रवि, राम सिंह, फूल सिंह, राजेश कुमार, सचिन, राकेश, बाबी और प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।