बुलंदशहर। नगर की आनंद विहार कॉलोनी निवासी पुनीत अरोरा की गुमशुदगी को पुलिस ने हत्या में तरमीम तो कर लिया है मगर पुनीत का शव मिलने के आठ दिन बाद भी पुलिस गुत्थी नहीं सुलझा सकी है। हालांकि पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है। एक जून को पुनीत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो जून को गुमशुदगी दर्ज की थी । चार जून को शिकारपुर के पलरा झाल में पुनीत का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुनीत की मौत पानी में डूबने से नहीं, बल्कि चार-पांच दिन पहले गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी। 25 वर्षीय पुनीत की अगले महीने शादी होने वाली थी। कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।