पांच साल में सबसे कम रहा ध्वनि प्रदूषण
बुलंदशहर। पिछले पांच साल की तुलना में इस बार दिवाली पर सबसे कम आतिशबाजी हुई। नतीजतन दिवाली पर ध्वनि प्रदूषण का स्तर अन्य वर्षों की अपेक्षा कम रहा। क्षेत्रीय प्रदूषण विभाग द्वारा नगर की रेजिडेंशियल कालोनी यमुनापुरम में 23 अक्तूबर की रात ध्वनि का स्तर 61.51 दर्ज किया गया, दिवाली दिन यह बढ़कर 75.47 मापा गया। जबकि पिछले वर्ष दिवाली पर 80.06 रहा था। विभागीय अफसरों की मानें तो थोड़ी अधिक और ध्वनि होने पर कानों के पर्दों को नुकसान पहुंच सकता था।
दिवाली पर वायु प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा छोड़ी गई मुहिम पर लोगों ने पानी फेर दिया। वहीं, प्रदूषण विभाग के अफसरों द्वारा वायु प्रदूषण कम करने के किए गए प्रयास भी कारगर साबित नहीं हुए। हालांकि अन्य वर्षों की अपेक्षा इस बार आतिशबाजी पर पाबंदी लगी होने पर लोगों ने खुद सावधानी बरतते हुए आतिशबाजी का कम उपयोग किया। इसका असर जिले की वायु गुणवत्ता सूचकांक में गिरावट के साथ ध्वनि प्रदूषण में भी गिरावट देखी गई। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के स्तर से क्षेत्र रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और सेंसटिव जोन में बंटा होता है। विभागीय अफसरों ने नगर की रेजिडेंशियल कालोनी यमुनापुरम में ध्वनि प्रदूषण को मापा। विभागीय अफसरों के मुताबिक, ध्वनि का स्तर रेजिडेंशियल में सामान्य 50 डेसीबल, कॉमर्शियल में 60 डेसीबल, सेंसटिव में 45 डेसीबल होना चाहिए। इससे अधिक प्रदूषण का ग्राफ बढ़ने पर दिल, दिमाग के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है।
पिछले पांच वर्ष में इस बार सबसे कम रहा ध्वनि प्रदूषण
प्रदूषण विभाग के डॉ. नीरज चतुर्वेदी ने बताया कि दिवाली से पूर्व और दिवाली के दिन ध्वनि प्रदूषण की जांच की गई। इसके लिए नगर की यमुनापुरम कालोनी में जाकर जांच की गई। गत पांच वर्षों की तुलना में इस बार ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ वायु प्रदूषण में भी गिरावट दर्ज की गई। जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए ठीक है।
पिछले पांच वर्षों का ध्वनि प्रदूषण
वर्ष - दिवाली से पूर्व - दिवाली के दिन
2018 - 58.06 - 84.58
2019 - 54.61 - 86.06
2020 - 63.50 - 86.25
2021 - 75.90 - 80.06
2022 - 61.51 - 75.47
इस बार ध्वनि प्रदूषण पिछले वर्षों की अपेक्षा काफी कम रहा। गत पांच वर्षों की तुलना में रेजिडेंशियल जोन में ध्वनि प्रदूषण के ग्राफ में काफी गिरावट दर्ज की गई। जो लोगों के लिए अच्छा है। - सपना श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी