संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर शनिवार शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने अपनी 16 सूत्रीय मांगों का शासन के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा को सौंपा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से शिक्षकों की मांगों को उठाया गया।
संघ के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लगातार की जा रही है। बावजूद इसके इस मांग को सरकार की ओर से पूरा नहीं किया जा रहा है। इससे शिक्षकों में रोष है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने, शिक्षक व कर्मचारियों को निशुल्क शिक्षा सुविधा देने, सेवानिवृत्त लाभों का भुगतान अविलंब कराया जाए और बोर्ड परीक्षा की पारिश्रमिक दरें सीबीएसई के समान दी जाए। वेतन अवशेष, महंगाई भत्ता, चयन, प्रोन्नत व पदोन्नति समेत अन्य मांग भी अविलंब पूरी की जाएं। शिक्षकों के स्थानांतरण नीति में आवश्यक संशोधन कर ऐसी स्थिति सुनिनिश्चत की जाए कि शिक्षक अपनी सुविधानुसार स्थान पर स्थानांतरण प्राप्त कर सकें। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने समेत अन्य मांग शामिल हैं। इस दौरान जिला मंत्री वीर सिंह, कोषाध्यक्ष मुदित शर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष मौ. जाकिर, कामेश्वर शर्मा, रामअवतार सिंह और विजय शंकर उपाध्याय समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।