डीएम रोड स्थित रैनेसा स्कूल के गेट के बाहर व्यापारी नेता और अभिभावक प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल प्रबंधक और प्राइवेट पब्लिशर्स की मनमानी के विरोध में अभिभावक सड़क पर उतर आए। अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। अवैध वसूली को ट्यूशन फीस में समायोजित करने की मांग की गई। अवैध वसूली समायोजित नहीं करने पर प्रबंधकों को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बुधवार को उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों अभिभावकों ने रैनेसा स्कूल पर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावक कालाआम से पैदल मार्च करते हुए स्कूल तक पहुंचे। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि स्कूल प्रबंधकों द्वारा अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है।
एनसीईआरटी की जगह प्राइवेट पब्लिशर्स की किताबें कोर्स में लगाई जा रही हैं। अभिभावकों को जबरन किताबें खरीदने पर मजबूर किया जा रहा है। नगर महामंत्री कल्पना भटनागर और सुमित माहेश्वरी ने कहा कि मनमाने पब्लिशर्स की किताब लगाकर मोटी रकम वसूली जा रही है।
अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि अभिभावकों का शोषण बंद नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर राजकुमार, राहुल गुप्ता, अमित खन्ना, विजयपाल सिंह, चिराग गुप्ता, मोहित गुप्ता, पूनम सिंह, छाया शर्मा, सविता गुप्ता, रजनी आदि मौजूद रहे।