जिला पंचायत अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह प्रदान करते सांसद व विधायक। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों व जिला स्तरीय अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों को सर्वसम्मति को अस्वीकृत कर दिया गया। सदस्यों के प्रस्तावों को ही कार्य योजना में शामिल करने पर सहमति बनी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया का कार्यकाल पूरा होने पर सभी सदस्यों ने फोटो शूट कराया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में जिला पंचायत की संशोधित कार्य योजना की स्वीकृति, राज्य वित्त आयोग की संशोधित कार्य योजना की स्वीकृति, जिला निधि में उपलब्ध धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कराने की कार्य योजना की स्वीकृति, शहीद द्वार व गौरव द्वार निर्माण आदि कराया जाना सर्वसम्मति से स्वीकृति कर लिया गया।
इस दौरान अध्यक्ष पद के कार्यकाल के सफलतापूर्वक पांच वर्ष पूर्ण होने पर सभी सदस्यों ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सांसद डॉ. भोला सिंह, विधायक स्याना देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक सिकंदराबाद लक्ष्मीराज सिंह, जिला पंचायत सदस्य गीता चरौरा, अल्पना जादौन, रेनू आदि सदस्य, अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।