संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले में धान, बाजरा और मक्का की सरकारी खरीद अब तीन अक्तूबर से शुरू होगी। खरीद के लिए जिले में धान के लिए 16 और बाजरा व मक्का के लिए 9-9 क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन फसलों की खरीद के लिए संबंधित एजेंसियों की ओर से क्रय केंद्र खोलने की भी तैयारी पूरी कर ली है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी जेड-ए-करीम ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 मूल्य समर्थन योजना के तहत एक अक्तूबर से धान, बाजरा और मक्का व की किसानों से सीधी खरीद होनी है। लेकिन एक अक्तूबर को रविवार और दो अक्तूबर को गांधी जयंती होने के कारण क्रय केंद्रोंं का संचालन तीन अक्तूबर से होगा। उन्होंने बताया कि बताया कि सामान्य धान को 2183 रुपये प्रति क्विंटल व ए ग्रेड धान 2203 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। वहीं, मक्का 2090 रुपये प्रति क्विंटल व बाजरा 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि खरीद के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया जा सकता है। क्रय केंद्र पर वही किसान धान समेत मक्का व बाजरा बेच सकेंगे, जिन्होंने विभागीय पोर्टल पर बेचने के लिए पंजीकरण कराया होगा। 72 घंटे में ही किसान का ऑनलाइन भुगतान कर दिया जाएगा। किसानों को भुगतान बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से किया जाएगा।