शिक्षक पर पर नाबालिग छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा करते हुए प्रधानाध्यापक को जमकर पीटा और इसका वीडियो भी वायरल किया। इसके बाद सभी अभिभावक थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जल्द ही आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपी प्रधानाध्यापक को बर्खास्त किए जाने की मांग की है। थाने में प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटियां गांव के उक्त प्राथमिक विद्यालय की पूर्व में छात्राएं थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उन्होंने पास के गांव स्थित दूसरे विद्यालय में प्रवेश ले लिया तो प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक की करतूत के बारे में बताया कि वह अश्लील हरकत करते थे।
घटना के बारे में पहले नहीं बताने के बारे में पूछे जाने पर छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह डर के कारण घटना के बारे में नहीं बता सकीं। अब, जब वह दूसरे विद्यालय में पहुंच गईं तो उन्होंने उनके साथ की गई अश्लील हरकतों के बारे में बताकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया जिससे विद्यालय की अन्य छात्राएं परेशान न हों।। बेटियों की शिकायत सुनकर परिजनों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। वहीं उनकी आरोपी प्रधानाध्यापक से जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान परिजनों ने प्रधानाध्यापक को पीटना शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपी को जूते- चप्पलों से पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया। आठ छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर उनके साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक प्राथमिक शिक्षक संघ का ब्लॉक अध्यक्ष भी है।
वायरल वीडियो में साथी शिक्षक बचाव करते हुए दिखे
वायरल वीडियो में परिजन आरोपी प्रधानाध्यापक को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, विद्यालय के शिक्षक उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वजह से परिजनों ने शिक्षकों पर आरोपी के फरार होने में मदद किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।