बुलंदशहर। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब गर्भवती महिलाओं को दूध, घी और दही उपलब्ध मिलेगा। तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को सुबह-शाम स्नैक्स मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं को नियमित आयरन की गोलियां खिलाई जाएंगी।
यह खाद्य पदार्थ प्रदेश सरकार की ड्रीम योजना हौसला पोषण योजना के तहत मिलेंगे। जनपद में इस योजना की शुरुआत दो अगस्त से होगी। बता दें कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और बच्चों को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से हौसला पोषण योजना की शुरुआत की है।
योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री 15 जुलाई को करेंगे। इस योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को दूध, घी और दही और तीन माह से छह वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को सुबह-शाम स्नैक्स दिया जाएगा। दूध, घी और दही पराग द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा।
रोजाना स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं को आयरन की गोलियां देने की व्यवस्था होगी। यदि इस कार्य में शिथिलता बरती जाती है तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने प्रदेश सरकार की इस योजना को संचालित करने के लिए खाका तैयार कर लिया है।