जहांगीराबाद ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते ग्राम प्रधान। स्रोत: संगठन
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद ब्लॉक परिसर में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। प्रधानों ने पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने व चुनाव होने तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि एडीओ पंचायत व बीडीओ को ग्राम पंचायताें का प्रशासक नहीं बनने देंगे।
धरने की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चौधरी जगमाल सिंह मावई ने की। इस दौरान प्रधानों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी मनीष मिश्र को सौंपा।
प्रधानों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय पर चुनाव नहीं कराए जाते और कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाता तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे और जरूरत पड़ने पर उच्च न्यायालय का रुख भी करेंगे।
प्रधानों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वे किसी भी सूरत में पंचायत एडीओ या बीडीओ को ग्राम पंचायत का प्रशासक नहीं बनने देंगे। उनका कहना था कि यदि चुनाव में देरी होती है तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाना चाहिए।
धरना स्थल पर उस समय आक्रोश और बढ़ गया जब प्रधानों ने एक एडीओ पंचायत को अपने साथ धूप में बैठा लिया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह प्रधान, भाजपा मंडल अध्यक्ष ऊधम सिंह, प्रेम सिंह, मूलचंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, रवि भाटी, सुरजीत सिंह, रुकमणी देवी और पुष्पा देवी समेत अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे। अंत में वीडीओ मनीष मिश्र ने प्रधानों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।