बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने बीएड प्रथम वर्ष 2026 के छात्रों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। सीसीएसयू ने कहा है कि आंतरिक परीक्षाओं के अंक पोर्टल पर अपलोड होने के बाद ही छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा में शामिल किया जाएगा। इसके लिए कॉलेजों को तीन दिन का समय दिया है।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि सीसीएसयू ने सभी संबद्ध बीएड कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे तीन कार्य दिवसों के अंदर बीएड प्रथम वर्ष के सभी अर्ह छात्रों की आंतरिक परीक्षा कराकर उनके अंक विश्वविद्यालय पोर्टल https://annual.ccsuniversityweb.in/ पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। सीसीएसयू की ओर से जारी निर्देशानुसार बीएड द्वितीय वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा में कई छात्र आंतरिक अंक अपलोड न होने के कारण शामिल नहीं हो सके थे। ऐसी स्थिति प्रथम वर्ष में न हो इसलिए सीसीएसयू ने सख्ती दिखाई है। जिन छात्रों के आंतरिक अंक अपलोड नहीं होंगे, उन्हें किसी भी दशा में प्रयोगात्म/मौखिक परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। इसका पूरा उत्तरदायित्व संबंधित कॉलेज और छात्र का होगा। सीसीएसयू ने छात्रों से भी अपील की है कि वे अपने कॉलेज से संपर्क कर सुनिश्चित करें कि उनके आंतरिक परीक्षा के अंक समय से पोर्टल पर अपलोड हो जाएं, ताकि प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित न रहें। संवाद