बुलंदशहर। विकास भवन में बुधवार को आए फाल्ट के चलते बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन बिजली गुल रही। इससे सभी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। उमस से बेहाल कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर पेड़ की छांव में दिन गुजारा। ऊर्जा निगम के कर्मचारी फाल्ट को दूर करने में जुटे रहे।
विकास भवन में बुधवार को अचानक बिजली के तारों में फाल्ट आ गया था। हालांकि बिजलीकर्मियों ने फाल्ट को दूर करने का प्रयास किया गया था लेकिन बृहस्पतिवार को जब सभी कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी पहुंचे तो बिजली गुल मिली। जनरेटर की व्यवस्था न होने के कारण सभी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। अपने काम को आने वाले अधिकतर लोगों को वापस लौटना पड़ा। उमस भरी गर्मी काे देख तमाम अधिकारी कार्यालय छोड़कर चले गए। जबकि कर्मचारी कार्यालय के बाहर कुर्सी डालकर बैठ गए। उन्होंने गर्मी से बचने के लिए हाथ के पंखों का भी इस्तेमाल किया। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय में लगे एससी समेत अन्य उपकरण को चलाने में लोड अधिक है। लोड को बिजली के तार झेल नहीं पा रहे हैं। इसके चलते यह समस्या बनी है। जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा ने बताया कि बिजली के तारों में आए फाल्ट को दूर करने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं। फाल्ट को जल्द दूर कर सप्लाई सुचारू करवा दी जाएगी।