भीषण गर्मी में लगातार 10 घंटे बिजली न मिलने से लोग बिलबिला उठे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे से लेकर शनिवार तड़के तीन बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। रातभर बिजली नहीं मिलने से लोग बेहाल रहे। विशेषकर इफ्तार और सहरी में रोजेदारों को काफी परेशानी हुई।
शुक्रवार शाम आई आंधी के कारण नगर सहित जिलेभर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। आंधी के कारण भूड़ बिजलीघर की 33 केवीए लाइन ट्रिप कर गई। लाइन ट्रिप होने से भूड़ बिजलीघर पर करीब 10 घंटे तक ब्रेकडाउन रहा।
इसके चलते बिजलीघर क्षेत्र से जुड़े करीब आठ हजार घर और दुकानों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। शुक्रवार शाम इफ्तार और शनिवार सुबह सहरी के समय भी बिजली नहीं रही। ऐसे में रोजेदारों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली गुल
आंधी के कारण हुए फॉल्ट से ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली नहीं होने से लोगों का बुरा हाल रहा। बिजली अफसरों के मुताबिक करीब दर्जनभर से ज्यादा लाइनें आंधी के कारण गिर गईं। शनिवार को पूरे दिन लाइनें ठीक करने का काम जारी रहा। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई लेकिन ज्यादातर क्षेत्र में देर शाम तक फॉल्ट ठीक करने का काम जारी था।