बुलंदशहर/जहांगीराबाद। भीषण गर्मी के बीच शनिवार रात शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। यमुनापुरम के पास 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से शहर के कई प्रमुख इलाकों की बिजली घंटों गुल रही। देर रात तक फॉल्ट ठीक नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता हाइडिल बिजलीघर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। आरोप है कि रातभर जेई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता समेत कई अधिकारियों को फोन किए गए लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
यमुनापुरम क्षेत्र में 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के बाद हाइडिल बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग की टीम फॉल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में करीब चार घंटे तक लगी रही। बिजली आपूर्ति देर रात करीब साढ़े तीन बजे बहाल हो सकी। इस दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण हजारों लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा।
बिजली संकट से बाईपास रोड, अंसारी रोड, आदर्श नगर, शिवपुरी, टीचर्स कॉलोनी, राम विहार, शास्त्री नगर, बालाजी कॉलोनी, राधा नगर, कैलाशपुरी, मोहनकुटी, संतोष नगर समेत आसपास की कई कॉलोनियां प्रभावित रहीं। बिजली नहीं होने से इनवर्टर भी जवाब दे गए।
प्रदर्शन कर रहे शिवम वशिष्ठ ने कहा कि शहर को 24 घंटे बिजली देने के दावे किए जाते हैं लेकिन हकीकत यह है कि बमुश्किल 14 से 16 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। रात में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
राहुल ने आरोप लगाया, छोटे-छोटे फॉल्ट ठीक करने में चार-चार घंटे लग रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को लगातार फोन किए गए लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाई। दिनेश ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है। जब मजबूर होकर बिजलीघर पहुंचे तब कर्मचारियों ने काम में तेजी दिखाई।
संजय ने कहा कि हर दूसरे-तीसरे दिन बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या बनी रहती है। विभाग को शहर की बिजली व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए ताकि लोगों को रातभर परेशान न होना पड़े। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार ओवरलोडिंग और जर्जर लाइनों के कारण फॉल्ट की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
ओवरलोडिंग से फुंक रहे ट्रांसफार्मर
जहांगीराबाद। नगर में बढ़ते विद्युत भार के बीच ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मर लगातार जवाब दे रहे हैं। नगर के कायस्थबाड़ा, बजरिया, डाकखाना वाली गली, गांधी चौक, सब्जी मंडी और छतरी वाला कुआं समेत आसपास के क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर दो दिन में दो बार फुंक गया। इससे हजारों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली संकट झेलना पड़ा। शनिवार को नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
कोट-
यमुनापुरम क्षेत्र में 33 केवी लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी टीम ने रात में मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। लोड अधिक होने के चलते समस्या हुई थी। - संजीव कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम