नगर विकास मंत्री आजम खां अपने साथ होर्डिंग पर हिस्ट्रीशीटर का फोटो छपा देख भड़क गए। उन्होंने नगर पालिका ईओ और एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारियों समेत पार्टी नेताओं को जमकर फटकार लगाई।
साथ ही कड़ी कार्रवाई के भी संकेत दिए। उधर, मंत्री के तल्ख तेवर देखकर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर हाजी आरिफ को हिरासत में ले लिया और आननफानन में सारे होर्डिंग भी उतरवा दिए।
बता दें कि खुर्जा में सोमवार को एक स्कूल के शुभारंभ करने के लिए मंत्री आजम खां पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए हिस्ट्रीशीटर हाजी आरिफ ने एक दिन पहले से ही जगह-जगह आजम के साथ अपनी फोटो लगी होर्डिंग लगवा रखे थे।
मंत्री अपने तय समय से करीब साढ़े चार घंटे देरी से दूसरे रूट से खुर्जा पहुंचे। नगर विकास मंत्री के खुर्जा आगमन को देखते हुए रविवार को बड़े पैमाने पर हिस्ट्रीशीटर ने बड़े बड़े होर्डिंग सभास्थल के आसपास के अलावा शहर में लगवा दिए।
इसमें सपा नेताओं के फोटो छोटे और खुद का फोटो आजम के बराबर लगवाया था। सोमवार को ये चर्चित होर्डिंग सुर्खियों में छा गए। खबर रामपुर में आजम खां के दरबार तक पहुंच गई।
बताते हैं कि पहले आजम खां ने कार्यक्रम ही निरस्त करने का बात कह डाली, लेकिन बाद में साढ़े चार घंटे बाद खुर्जा पहुंचे। वह भी पहले से तय रूट को छोड़कर दूसरे रूट से।
बताया जाता है कि खुर्जा पहुंचने से पहले की उन्होंने कई अफसरों की क्लास लगा दी और हिस्ट्रीशीटर के दुस्साहस पर नाराजगी जताई। बताते हैं कि उनके खुर्जा पहुंचने से पहले सारे होर्डिंग हटाने के साथ ही हिस्ट्रीशीटर आरिफ को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
आजम खां के गुस्से को भांपकर अधिकारी हरकत में आ गए। पुलिस ने आरिफ को हिरासत में ले लिया। नगर पालिका की कई टीम आनन फानन में होर्डिंग उतारने में जुट गईं। चंद मिनट में दोनों कार्रवाई कर दी गई।