बुलंदशहर/अनूपशहर। गंगा में डूबने से पूजा (24) की मौत महज एक हादसा नहीं बल्कि अंधविश्वास के कारण हुई है। पूजा से भूूूूतप्रेत का साया उतारने के लिए गंगा के गहरे पानी में डूबकी लगवाई जा रही थी। इसी दौरान वह गंगा के तेज बहाव में बह गईं। बृहस्पतिवार की सुबह घटना स्थल से करीब 4.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मस्तराम घाट से एनडीआरएफ की टीम ने शव को बरामद कर लिया है। पति ने तांत्रिक पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव भिरौली निवासी ललित ने बताया कि उनकी पत्नी पेट रोग से पीड़ित थीं। बुलंदशहर के एक चिकित्सक से वह उपचार करा रहे थे। चिकित्सक ने उन्हें आंतों में इंफेक्शन और लिवर सूजन पर बताई थी। उपचार के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर वह गांव बालका के एक तांत्रिक से मिले।
तांत्रिक ने उन्हें बताया कि उनकी पत्नी किसी रोग से पीड़ित नहीं हैं, बल्कि उनपर भूतप्रेत का साया है। तांत्रिक ने विश्वास दिलाया कि वह भूतप्रेत के साए को उनकी पत्नी से उतार देंगे और वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो जाएंगी। इसके बाद तांत्रिक ने उनसे अनुष्ठान के नाम पर 1500 रुपये और अपनी फीस के 3600 रुपये, मिठाई का डब्बा लिया।
मंगलवार की शाम तांत्रिक अपने दो चेलों के साथ उनके घर पहुंचा और भूतप्रेत उतारने के लिए कहकर उनकी पत्नी को अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर संभल पुल के पास गंगा पर ले गया। वह और उनका साला भी साथ गए। गंगा के गहरे पानी में उनकी पत्नी को एक पत्थर पर खड़ा कर दिया गया। बताया कि तांत्रिक ने पत्नी के सिर पर सामग्री रखकर गंगा किनारे अनुष्ठान शुरू किया। तांत्रिक का एक चेला पत्नी के पास खड़ा था।
अनुष्ठान पूरा होने के बाद चेले ने पत्नी के सिर से अनुष्ठान सामग्री को उतारकर गंगा में डूबकी लगवाई। इसी दौरान बह गंगा के तेज बहाव में बह गईं। जब उन्होंने शोर मचाते हुए पत्नी को बचाने के लिए कहा तो तांत्रिक ने धमकाते हुए उन्हें चुप करा दिया। कुछ देर उनकी पत्नी तेज बहाव में बह गईं।
तांत्रिक अपने चेलों के साथ मौके से फरार हो गया। गोताखोर, पीएसी फ्लड प्लाटून पूजा की गंगा में तलाश कर रहे थे। नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार की सुबह एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
एनडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू करने के आधा घंटे बाद ही घटना स्थल से करीब 4.5 किलोमीटर की दूरी पर मस्तराम घाट से पूजा के शव को बरामद कर लिया। पति ललित ने तांत्रिक पर पत्नी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतका के तीन बच्चे हैं जिसमें बड़ी बेटी बुलबुल (7), छोटी बेेटी हिमांशी (4), बेटा नितेश (6)हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूजा के शव को बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस जांच कर रही है।