चोला पुलिस की ओर से बरामद किए गए पटाखे
खुर्जा। मुंडाखेड़ा रोड पर मंगलवार सुबह एसडीएम दुर्गेश सिंह और सीओ भास्कर मिश्रा ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर करीब दस लाख रुपये के पटाखे बरामद किए। इसमें आरोपी हिमांशु अग्रवाल मौके से फरार हो गया। वहीं, उसके पड़ोस में एक दुकान में रखे करीब 20 क्विंटल चावल की बोरियों मिली, जहां सरकारी राशन की बोरी भी थी, जिसमें पूर्ति विभाग ने जांच शुरू कर दी।
एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मुंडाखेड़ा गांव में कुछ लोग बिना अनुमति के पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार सीओ खुर्जा भास्कर मिश्रा के साथ मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। जहां पर एक गोदाम में भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे। वहीं आस-पास के लोगों से गोदाम मालिक के बारे में जानकारी ली गई। लोगों ने बताया कि उसके पड़ोस में भी एक दुकान है, जहां पर गोदाम मालिक आता-जाता रहता है। दुकान पर जाकर देखा गया तो चावलों से भरी बोरी थी। इस पर पूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह को मौके पर बुलाया गया और जांच के निर्देश दिए गए। दुकान में मौजूद सभी बोरी को जब्त किया गय। इसमें जांच के बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ खुर्जा भास्कर मिश्रा ने बताया कि मौके से करीब दस लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए गए। जानकारी मिली कि आरोपी इन पटाखों को खुर्जा के छोटे व्यापारियों को बेचने जा रहा था। इसमें आरोपी हिमांशु अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द उसको गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं बरामद चावल में पूर्ति विभाग की शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी।